
जोधपुर, 31 जनवरी (न्यूज़ एजेंसी)। सेवा भारती समिति जोधपुर की ओर श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह 2025 का आयोजन बसंत पंचमी पर रविवार को आदर्श विद्या मंदिर केशव परिसर कमला नेहरू नगर में होगा। इसमें 23 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे।
सेवा भारती समिति जोधपुर महानगर के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि हिन्दू संस्कृति के 16 संस्कारों में विवाह (पणिग्रहण) संस्कार एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है लेकिन वर्तमान में विवाह समारोह में आर्थिक प्रदर्शन एवं दहेज प्रथा की समस्याओं के कारण विवाह संस्कार जटिल हो गया है जिसके चलते सामान्य व्यक्ति वैवाहिक आयोजन में कठिनाई अनुभव करने लगा है, इसलिए सेवा भारती सर्व सामान्य वर्ग को आडम्बरपूर्ण आर्थिक आयोजन एवं लेन-देन (दहेज) से मुक्ति दिलाकर समस्त समाज को स्वाभिमान के साथ अपने पुत्र-पुत्रियों के विवाह का आयोजन एक साथ एक मंच पर करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
इस विवाह सम्मेलन में राष्ट्रीय सेवा भारती के अखिल भारतीय स्वावलंबन प्रमुख विनोद कुमार बिड़ला व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघ चालक हरदयाल वर्मा उपस्थित रहेंगे। समिति के अध्यक्ष निर्मल गहलोत ने बताया कि सभी बारातें जूना खेड़ापति हनुमानजी मंदिर से रवाना होकर आखलिया चौराह होते हुए विवाह स्थल केशव परिसर में पहुंचेगी। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर सर्व समाज के पदाधिकारियों की ओर से बारातियों का स्वागत किया जाएगा। आयोजन को भव्य बनाने के लिए मातृशक्ति की समितियां बनाई गई है जिसमें कुटिया प्रमुख, रंगोली प्रमुख, मंगल गीत प्रमुख सहित अन्य जिम्मेदारियां सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि सुबह दस बजे विवाह स्थल पर सभी बारातों का एक साथ स्वागत किया जाएगा। वहीं दोपहर 12 बजे से पणिग्रहण संस्कार शुरू होगा। उसके पश्चात प्रीतिभोज का आयोजन होगा। पणिग्रहण संस्कार के बाद वर-वधू का आशीर्वाद समारोह होगा। सेवा भारती की ओर से प्रत्येक वर-वधू को उपहार दिए जाएंगे जिसमें पलंग, गद्दा, अलमारी, सिलाई मशीन, कूलर, प्रेस, नाक की लांग, बिछिया, पायल, कंगन, मंगलसूत्र, बिछिया, सुहाग का सामान, वधु के लिए साडिय़ां, वर के लिए पेंट-शर्ट सहित अन्य घरेलू व जरूरत का सामान उपहार में दिया जाएगा।
न्यूज़ एजेंसी/ सतीश
Discover more from सत्यबोध इंडिया न्यूज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.