
अजमेर, 27 फरवरी(न्यूज़ एजेंसी। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड-द्वितीय (माध्यमिक शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2024 के प्रश्न पत्र-प्रथम (जीके) एवं प्रश्न पत्र- द्वितीय (लाइब्रेरी साइंस) की मॉडल उत्तर कुंजियां आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। इन मॉडल उत्तर कुंजियों पर किसी अभ्यर्थी को कोई आपत्ति हो तो निर्धारित शुल्क के साथ 1 मार्च से 3 मार्च 2025 को रात्रि 12ः00 बजे तक अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज करवा सकता है।
आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि आपत्तियां आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न पत्र के क्रमानुसार ही प्रविष्ट करनी होंगी। उक्त परीक्षा का मॉडल प्रश्न-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। आपत्ति प्रामाणिक (स्टैंडर्ड, ऑथेंटिक) पुस्तकों के प्रमाण सहित ऑनलाइन ही प्रविष्ट की जा सकेगी। वांछित प्रमाण संलग्न नहीं होने की स्थिति में आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। आपत्तियां केवल ऑनलाइन ही स्वीकार की जाएंगी। ऑनलाइन आपत्तियों का लिंक 1 से 3 मार्च 2025 को रात्रि 12ः00 बजे तक ही उपलब्ध रहेगा। निर्धारित समयावधि के बाद लिंक निष्क्रिय हो जाएगा। अन्य किसी माध्यम से भेजी गई आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। आपत्तियां केवल एक बार ही ली जाएंगी।
—————
न्यूज़ एजेंसी/ संतोष
Discover more from सत्यबोध इंडिया न्यूज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.