मप्रः मुख्यमंत्री ने देह दान व अंग दान को प्रोत्साहित करने लिये ऐतिहासिक निर्णय लिया, उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने माना आभार

राजेन्द्र शुक्ल (फाइल फोटो)

भोपाल, 10 फरवरी (न्यूज़ एजेंसी)। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देह दान एवं अंग दान को प्रोत्साहन देने और देह दान करने वाले नागरिकों का सम्मान करने के लिये ऐतिहासिक निर्णय लिये हैं। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभिनंदन करते हुए आभार माना है। उन्होंने कहा कि यह समाज के लिए प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने कहा कि देह दान और अंग दान जीवन का सबसे महान दान है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का यह निर्णय निश्चित ही अधिक से अधिक लोगों को अंग दान और देह दान के लिए प्रेरित करेगा। इससे अनेक लोगों को नया जीवन प्राप्त होगा।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने सोमवार को एक बयान में कहा कि यह पहल चिकित्सा सेवा क्षेत्र को नई दिशा प्रदान करेगी, साथ ही समाज में मानवता एवं सेवा के मूल्यों को भी प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने उन सभी व्यक्तियों और परिजन का अभिनंदन किया है, जिन्होंने अंग दान और देह दान के लिए स्वीकृति दी है।

दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देह दान करने वाले व्यक्तियों का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रदेश में अंग प्रत्यारोपण से संबंधित एक राज्यस्तरीय संस्थान की स्थापना की जाएगी। अंग दान करने वाले व्यक्तियों के परिवारों को आयुष्मान कार्ड प्रदान करने और राष्ट्रीय पर्वों पर सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया है। उन्होंने यह भी निर्णय लिया है कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में अंगदान एवं अंग प्रत्यारोपण की सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।

न्यूज़ एजेंसी/ मुकेश तोमर


Discover more from सत्यबोध इंडिया न्यूज़

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

error: Content is protected !!