बंगाल में लौट रही ठंड, दक्षिण बंगाल में तापमान तीन से चार डिग्री गिरने के आसार

Weather

कोलकाता, 06 फरवरी (हि. स.)। बंगाल में ठंड एक बार फिर लौट रही है। मौसम विभाग के गुरुवार के बयान के अनुसार, शुक्रवार से दक्षिण बंगाल में न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री तक गिर सकता है। गुरुवार को दिन के तापमान में वृद्धि होगी, लेकिन शुक्रवार से तापमान में गिरावट शुरू होगी, जो रविवार तक जारी रहेगी। रविवार तक तापमान में तीन से चार डिग्री की कमी आएगी। दक्षिण बंगाल के सात जिलों—कोलकाता, हुगली, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर—में घना कोहरा छाने की संभावना है। हालांकि, बारिश की कोई संभावना नहीं है।

उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर जिलों में घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी, जिससे दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो सकती है। अन्य जिलों में हल्का कोहरा रहेगा। यहां तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रविवार तक तापमान में दो डिग्री की गिरावट हो सकती है। डुआर्स को छोड़कर उत्तर बंगाल के अन्य हिस्सों में ठंड का ज्यादा असर नहीं रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी के मध्य तक बंगाल से ठंड पूरी तरह विदा हो जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड बार-बार बाधित हुई है, लेकिन अब यह प्रभाव कम हो रहा है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ तो रहा है, लेकिन जल्द ही हट जाएगा, जिससे उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं एक बार फिर बंगाल में प्रवेश करेंगी। इसी वजह से सप्ताहांत में तापमान में गिरावट की संभावना है।

न्यूज़ एजेंसी/ ओम पराशर


Discover more from सत्यबोध इंडिया न्यूज़

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

error: Content is protected !!