अहमदाबाद में 8 और 9 फरवरी को होगा राज्य स्तरीय मिलेट महोत्सव 2025

मिलेट्स
मिलेट्स की खेती से उपजी फसल से अनाज निकालते हुए।

• राज्य स्तरीय मिलेट महोत्सव अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित होगा, जिसमें FPO से जुड़े 1000 से अधिक किसान और विषय विशेषज्ञ शामिल होंगे

• कार्यक्रम में अहमदाबाद में 125 और अन्य 6 नगर निगमों में 75 प्रदर्शनियां लगेंगी, साथ ही, यहाँ राज्य स्तर पर 25 और जिला स्तर पर 15 लाइव फूड स्टॉल्स भी होंगे

अहमदाबाद, 5 फरवरी (न्यूज़ एजेंसी)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अगुवाई में गुजरात सरकार 8 और 9 फरवरी 2025 को मिलेट महोत्सव और प्राकृतिक फार्मर मार्केट 2025 का आयोजन करने जा रही है। 8 फरवरी को दोपहर 12:15 बजे मुख्यमंत्री अहमदाबाद में इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर कृषि मंत्री राघवजी पटेल और कृषि राज्य मंत्री बचुभाई खाबड़ भी उपस्थित रहेंगे। अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रन्ट में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन के साथ-साथ राज्य के अन्य 6 नगर निगमों जामनगर, गांधीनगर, वडोदरा, सूरत, भावनगर और राजकोट में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भी किए जाएंगे।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2023 में भारत के जी-20 की अध्यक्षता करते हुए विश्व के समक्ष भारत के श्री अन्न यानी मिलेट्स के पौष्टिक महत्व पर विशेष ज़ोर दिया था। उन्होंने भारत के किसानों से भी विशेष आग्रह किया था कि वे इसके उत्पादन पर विशेष ध्यान दें। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री के विशेष प्रयासों के परिणाम स्वरूप ही संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष भी घोषित किया था।

एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा मिलेट महोत्सव

इस कार्यक्रम में श्री अन्न का उत्पादन करने वाले और प्राकृतिक कृषि अपनाने वाले राज्य स्तर के फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन(एफपीओ) से जु़ड़े लगभग 1000 से अधिक किसान, प्रमुख एनजीओ और राज्य के शहरी नागरिक एक साथ जुटेंगे। इस कार्यक्रम में 25,000 से 30,000 आगंतुकों के आने की संभावना है। इसी तरह, राज्य के अन्य 6 नगर निगमों में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रमों में लगभग 500 किसान और विशेषज्ञ भाग लेंगे। इन सभी कार्यक्रम स्थलों में भी प्रत्येक में 20,000 से 25,000 आगंतुकों के आने का अनुमान है।

प्रदर्शनियां, लाइव डेमोंस्ट्रेशन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे

अहमदाबाद में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय मिलेट महोत्सव 2025 में 125 और शेष 6 नगर निगमों में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में 75 स्टॉल्स की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें श्री अन्न आधारित उत्पादों, प्राकृतिक खेती तकनीकों और जैविक कृषि उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा, राज्य स्तर पर 100 और जिला स्तर पर 60 स्टॉल्स भी विशेष रूप से श्री अन्न पर आधारित और प्राकृतिक कृषि उत्पादों के लिए समर्पित होंगे। साथ ही राज्य स्तर पर 25 और अन्य नगर निगमों में 15 लाइव फूड स्टॉल्स भी स्थापित किए जाएंगे।

ज्ञान, नवाचार और सांस्कृतिक उत्सव का संगम बनेगा मिलेट महोत्सव

इस कार्यक्रम के दौरान श्री अन्न के महत्व, फसल में मूल्यवर्धन, प्राकृतिक खेती, जैविक प्रमाणन और बागवानी उत्पादों की कैनिंग जैसे विषयों पर अग्रणी कृषि वैज्ञानिकों द्वारा पैनल चर्चाओं का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही श्री अन्न से संबंधित कुकिंग डेमोंस्ट्रेशन, प्राकृतिक खेती की तकनीकें और खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) पर लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी किए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों को कई मूल्यवान जानकारी मिलेंगी। पैनल चर्चाओं और लाइव डेमोंस्ट्रेशन के अलावा शाम 5:30 बजे से 7:00 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा, जिसमें लाइव बैंड, मैस्कॉट्स, मेंहदी कला, गेम ज़ोन और कठपुतली शो जैसी मनोरंजक गतिविधियां शामिल होंगी।

गुजरात के प्रयास लगातार जारी

गुजरात सरकार के इस मिलेट महोत्सव 2025 का उद्देश्य पारंपरिक अनाज की जगह जलवायु-अनुकूल (क्लाइमेट-रिज़ीलियंट) और पोषक तत्वों से भरपूर श्री अन्न की खेती और उनके उत्पादन को प्रोत्साहित करना है।

उल्लेखनीय है कि गुजरात सरकार राज्य में सतत कृषि (सस्टेनेबल एग्रीकल्चर) को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रही है। कृषि क्षेत्र में राज्य सरकार के इस तरह के प्रयास न केवल किसानों की आय में वृद्धि करेंगे, और श्री अन्न को लेकर किसानों व उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाएंगे बल्कि व्यापक संदर्भ में भारत को पोषण सुरक्षा (न्यूट्रिशनल सिक्योरिटी) के लक्ष्य के और करीब भी लेकर जाएंगे।

—————

न्यूज़ एजेंसी/ बिनोद पाण्डेय


Discover more from सत्यबोध इंडिया न्यूज़

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

error: Content is protected !!