
शिमला, 31 जनवरी (न्यूज़ एजेंसी)। कांग्रेस विधायक संजय अवस्थी ने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर राज्य सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाना छोड़कर, इस वर्ष के केन्द्रीय बजट में हिमाचली हितों की पैरवी करें।
शुक्रवार को शिमला से जारी एक बयान में संजय अवस्थी ने कहा कि जयराम ठाकुर मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए रोज नया तथ्यहीन बयान जारी करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर वे हिमाचल और हिमाचल के लोगों के हितों के प्रति इतने ही संवेदनशील हैं तो उन्हें केन्द्रीय बजट में हिमाचल प्रदेश के लिए आर्थिक मदद की मांग करनी चाहिए।
अवस्थी ने कहा कि केन्द्र सरकार ने वर्ष 2023 में आई आपदा के 10,000 करोड़ रुपये भी अभी तक जारी नहीं किए हैं। इसके अलावा कर्मचारियों के एनपीएस में लगभग 9000 करोड़ रुपये केन्द्र सरकार के पास पड़े हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष भाजपा के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार से यह पैसा हिमाचल प्रदेश को दिलवाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर दिल्ली जाकर हिमाचल प्रदेश को मिलने वाली आर्थिक मदद में रोड़ा अटकाने का काम करते हैं।
संजय अवस्थी ने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार की फिजूलखर्ची के कारण प्रदेश पर आर्थिक बोझ बढ़ा। इसी कारण पिछली भाजपा सरकार ने वर्तमान सरकार को 75,000 करोड़ रुपये का ऋण और कर्मचारियों की देनदारियों के रूप में 10,000 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ विरासत में छोड़ा। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आज हिमाचल प्रदेश को ऋण का मूलधन और उसका ब्याज चुकाने के लिए भी ऋण लेना पड़ रहा है। वर्तमान राज्य सरकार ने पिछले दो वर्षों में जितना भी ऋण लिया है उसका 63 प्रतिशत हिस्सा पिछली सरकार द्वारा लिए गए ऋण के मूलधन और उसके ब्याज को चुकाने के लिए खर्च करना पड़ रहा है।
—————
न्यूज़ एजेंसी/ उज्जवल शर्मा
Discover more from सत्यबोध इंडिया न्यूज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.