![पूर्व विश्व नंबर 1 बैडमिंटन खिलाड़ी मैथियस बो पूर्व विश्व नंबर 1 बैडमिंटन खिलाड़ी मैथियस बो](https://hs.sangraha.net/NBImages/3000/2025//02//07/2c9c913a87683d007de89b51b6c56da6_1214853714.jpg)
मुंबई, 7 फ़रवरी (न्यूज़ एजेंसी)। मुंबई के नेस्को सेंटर में विश्व पैडल लीग के भारत में पदार्पण के साथ ही खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में गुरुवार को पूर्व विश्व नंबर 1, लंदन ओलंपिक 2012 बैडमिंटन में रजत पदक विजेता और भारत की शीर्ष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी एवं चिराग शेट्टी के पूर्व कोच मैथियस बो ने अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई।
भारत में पैडल के विकास पर बो का नजरिया
मैथियस बो ने भारत में पैडल खेल के विकास पर अपना दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा, देश में और भी अधिक पैडल कोर्ट बनाए जा रहे हैं और कई क्लब अपने अन्य कोर्ट को पैडल कोर्ट में बदलने पर विचार कर रहे हैं। यह स्थिति मुझे डेनमार्क में देखी गई प्रगति की याद दिलाती है, जहां यह खेल मात्र 6-7 वर्षों में शून्य से उभरकर एक लोकप्रिय खेल बन गया।
खुद एक नियमित पैडल खिलाड़ी, बो ने कहा, मैं भले ही शीर्ष पैडल खिलाड़ियों में शामिल नहीं हूं, लेकिन मैंने रैकेट के साथ जन्म लिया है। यह खेल शुरुआती लोगों के लिए अपेक्षाकृत आसान है और यही कारण है कि यह इतनी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
उन्होंने आगे कहा, यह खेल विभिन्न खेलों का बेहतरीन संयोजन है। इसमें स्क्वैश की तरह ग्लास वॉल्स हैं, टेनिस के ग्राउंड स्ट्रोक्स हैं और बैडमिंटन की तरह ओवरहेड शॉट्स भी शामिल हैं। बैडमिंटन खिलाड़ियों को उनके स्मैशिंग और फुटवर्क कौशल से फायदा होता है, जबकि युगल मुकाबलों में टीमवर्क और संचार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
सात्विक-चिराग की सफलता में कोचिंग का योगदान
बो की कोचिंग में भारत की शीर्ष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने विश्व स्तर पर कई यादगार जीत दर्ज कीं। इनमें 2022 विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक, 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण, 2023 एशियाई खेलों में स्वर्ण और एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक शामिल हैं।
अपने कोचिंग अनुभव को साझा करते हुए बो ने कहा, एक खिलाड़ी के रूप में मेरी रणनीति मजबूत थी, इसलिए मैंने सात्विक और चिराग की गेम प्लानिंग को बेहतर बनाने में योगदान दिया। जब आप अपना पूरा जीवन किसी खेल को समर्पित कर देते हैं, तो कमजोरियों को पहचानना आसान हो जाता है। साथ ही, अलग-अलग व्यक्तित्व के खिलाड़ियों से संवाद स्थापित करना भी अहम होता है। चिराग मुंबई से है और सात्विक आंध्र प्रदेश से, जिससे उनकी सोच और व्यक्तित्व अलग-अलग हैं।
लीग चरण का समापन आज, फाइनल 8 फरवरी को
विश्व पैडल लीग के लीग चरण का समापन आज होगा। पहले मुकाबले में गेम चेंजर्स लायंस का सामना सोहेल खान एंटरटेनमेंट पैंथर्स से होगा, जबकि दूसरे मुकाबले में एसजी पाइपर्स चीता और वर्नोस्ट जगुआर आमने-सामने होंगे। ओवरऑल पॉइंट टेबल में शीर्ष दो टीमें 8 फरवरी को फाइनल में एक-दूसरे से भिड़ेंगी।
विश्व पैडल लीग के इस रोमांचक आगाज ने भारत में इस खेल के उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं को और मजबूत कर दिया है।
—————
न्यूज़ एजेंसी/ सुनील दुबे
Discover more from सत्यबोध इंडिया न्यूज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.