अस्पतालों को मानव सेवा मंदिर बनाएं, दृढ़ आत्मविश्वास से कैंसर को हराना संभव : देवनानी

अस्पतालों को मानव सेवा मंदिर बनाएं, दृढ़ आत्मविश्वास से कैंसर को हराना संभव : देवनानी

जयपुर, 2 फ़रवरी (न्यूज़ एजेंसी)। राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि पहले कैंसर पीड़ित सुनाई देता था, अब कैंसर विजेता सुनकर मन को सुकून मिलता है। उन्होंने कहा कि कैंसर को दृढ़ आत्मविश्वास से हराया जा सकता है। देवनानी ने कहा कि बीमार व्यक्ति को जब दवाई के साथ आत्मीयता का भाव मिलता है तो वह जल्दी ठीक हो जाता है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों को इसीलिए मानव सेवा के मंदिर बनाए जाने चाहिए।

देवनानी रविवार को यहां विद्या आश्रम स्कूल के महाराणा प्रताप सभागार में आयोजित कैंसर विजेता दिवस पर कैंसर विजेताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। देवनानी ने कैंसर विजेता शौर्य, लक्ष्मी देवी और विजेंद्र को सम्मानित किया। देवनानी ने कैंसर विजेता प्रशांत का गाना सुना। डॉली सैनी, मनस्वी और ज्योति से उनकी कैंसर पर विजय पाने की कहानी सुनी और मनीला, सोनल व मनस्वी का नृत्य देखा।

देवनानी ने कहा कि मरीजों और जरूरतमंदों की सेवा करने वाले भगवान के स्वरूप होते हैं। सेवा करने का कार्य अच्छे लोगों को ही मिलता है। उन्होंने कहा कि कैंसर बदलते खान-पान और बदलती जीवन शैली के कारण हो रहा है। श्री देवनानी ने कहा कि लोगों को प्रकृति से जुड़ने वाली जीवन शैली को अपनाना चाहिए। सनातन संस्कृति, सेवा का भाव और आत्मविश्वास से जीवन की हर कठिन समस्या पर विजय पाई जा सकती है।

देवनानी ने कहा की कैंसर जैसी बीमारी से बचाव के लिए लोगों में जागरूकता का प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शहरों के साथ-साथ गांव के लोगों को भी इस बीमारी से बचाने वाले उपाय बताने होंगे।

देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश का प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ रहे और प्रसन्न रहे। उन्होंने कहा की 2047 तक विकसित भारत के लिए प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना होगा। उन्हाेंने कहा कि दान पुण्य, मानव सेवा, आस्था और मानसिक शांति भारत की पवित्र धरती पर ही मिल सकते हैं।

—————

न्यूज़ एजेंसी/ राजीव


Discover more from सत्यबोध इंडिया न्यूज़

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

error: Content is protected !!