यमुनानगर: भाजपा का लगा जन संवाद कार्यक्रम बैनर, जिला सचिव ने बताया मानवीय भूल

कार्यक्रम में लगा भाजपा का बैनर

यमुनानगर, 27 फ़रवरी (न्यूज़ एजेंसी)। यमुनानगर- जगाधरी के नगर निगम का चुनाव प्रचार चरम पर है। वहीं जिला भाजपा द्वारा यमुनानगर के वार्ड नंबर 21 में चुनाव आयोग के नियमों की उल्लंघना करते हुए प्रत्याशी के पक्ष में एक जन संवाद कार्यक्रम किया गया। जिसका वीडियो भी वायरल हो गया। जिला भाजपा सचिव ने बैनर पर लिखे जन संवाद कार्यक्रम को एक मानवीय भूल बताया।

गुरुवार को यमुनानगर के वार्ड नंबर 21 में नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान परशुराम धर्मशाला में भाजपा प्रत्याशी मंजीत कौर के पक्ष में प्रचार का एक कार्यक्रम रखा गया। जिसमें कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, जिला अध्यक्ष राजेश सपरा व भाजपा महापौर प्रत्याशी सुमन बहमनी भी पहुंची। कार्यकम के दौरान मंच के पीछे जन संवाद कार्यक्रम लिखा हुआ एक बड़ा बैनर लगाया गया। जिसका वीडियो भी वायरल हो गया। जिस पर पत्रकारों के सवाल पर भाजपा जिला सचिव ने इसे एक मानवीय भूल बताया।

गौरतलब है चुनाव आयोग के नियमानुसार आचार संहिता के दौरान राजनीतिक दलों पर कुछ प्रतिबंध होते हैं, ताकि चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष और स्वतंत्र रहे। यह संहिता चुनाव आयोग द्वारा जारी की जाती है और यह मतदान से पहले और चुनाव परिणामों के बाद लागू होती है।

आचार संहिता के दौरान जन संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति कुछ शर्तों के साथ दी जाती है। कार्यक्रम केवल तब तक आयोजित किए जा सकते हैं, जब तक वे आचार संहिता का उल्लंघन नहीं करते। कार्यक्रम में किसी भी प्रकार का प्रचार या वादा नहीं किया जा सकता जो चुनाव परिणामों को प्रभावित कर सके। जन संवाद कार्यक्रम में केवल सामाजिक मुद्दे या जन कल्याण के विषयों पर चर्चा की जा सकती है, लेकिन इसमें किसी भी पार्टी के चुनावी वादे या प्रचार को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता।

किसी भी पार्टी द्वारा कार्यक्रमों में नेताओं द्वारा व्यक्तिगत आलोचना या दूसरे प्रत्याशियों के खिलाफ नकारात्मक प्रचार नहीं किया जा सकता। आचार संहिता के दौरान किसी भी राजनीतिक दल को जन संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मिल सकती है, लेकिन यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि कार्यक्रम केवल सामाजिक और जनहित के विषयों पर हो, और चुनाव प्रचार न हो।

न्यूज़ एजेंसी/ अवतार सिंह चुग


Discover more from सत्यबोध इंडिया न्यूज़

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

error: Content is protected !!