![ग्वालियरः जमीनी विवाद में एक परिवार के दो पक्षों की बीच फायरिंग ग्वालियरः जमीनी विवाद में एक परिवार के दो पक्षों की बीच फायरिंग](https://hs.sangraha.net/NBImages/3000/2025//02//05/2ae832f146ad9dc850bb179b3824d01d_610614964.jpg)
ग्वालियर, 5 फरवरी (न्यूज़ एजेंसी)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में बुधवार देर शाम जमीन को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुए विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत बैठी थी। इसी दौरान झगड़ा शुरू हो गया। इसी बीच एक पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी। इससे दूसरे पक्ष के चचेरे भाई की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक पूर्व सरपंच का बेटा है। घटना में तीन अन्य घायल हुए हैं। दूसरे पक्ष से भी दो लोगों को चोट आई है।
घटना गिरवाई के गोकुलपुरा गिरवाई इलाके की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों ने पुरुषोत्तम यादव (25) को मृत घोषित कर दिया। गिरवाई थाना इलाके के गोकुलपुरा में रहने वाले हुकुम सिंह यादव का अपने भाई पंचम सिंह यादव से पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद कोर्ट में भी जा चुका है। कोर्ट ने हुकुम सिंह के पक्ष में फैसला सुनाया था। इसके बाद भी दूसरा पक्ष मानने को तैयार नहीं था। हुकुम का एक भाई शिवचरण सिंह यादव गोकुलपुरा का सरपंच भी रह चुका है।
प्रशासनिक अधिकारी कई बार सुलह कराने का प्रयास कर चुके थे, लेकिन बात नहीं बन रही थी। बुधवार को कुछ रिश्तेदारों ने पंचायत बुलाकर दोनों पक्षों में बातचीत कराने की पहल की थी। इस बीच पंचम सिंह की पत्नी कमला और बहू रजनी बंदूकें लेकर वहां पहुंच गईं। इसके बाद रामबरन, दिनेश, रामू, रणवीर ने पिस्टल, माउजर और बंदूक से जमकर गोलियां बरसाईं। बचाव में दूसरे पक्ष ने भी फायरिंग की।
गोलीबारी में हुकुम सिंह के पक्ष से उसके भाई बालमुकुंद सिंह यादव, भाई शिवचरण सिंह यादव, भतीजे पुरुषोत्तम सिंह यादव, भतीजे धीरज यादव का बेटा गोलियां लगने से घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष से रामबरन सिंह उर्फ रामू, दिनेश यादव और रणवीर सिंह यादव भी घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी को जयारोग्य अस्पताल समूह के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
घटना पर हुकुम सिंह यादव ने बताया कि जमीन का विवाद बहुत पुराना है। जिस पर कोर्ट से हमारे पक्ष में फैसला आया है। दूसरा पक्ष भी भाई का परिवार है, लेकिन वह अकेले पूरी 17 बीघा जमीन हड़पना चाहते हैं। बुधवार को कुछ रिश्तेदारों के कहने पर पंचायत बैठी थी। यहां रामबरन उर्फ रामू, रणवीर और दिनेश ने पिस्टल, माउजर और बंदूक से दनादन गोलियां चलाईं और मेरे भतीजे की हत्या कर दी। मेरे दो भाई और एक नाती को गोली मारकर घायल कर दिया है। जब घायलों को पुलिस भर्ती करा रही थी,तभी पता लगा कि अस्पताल में रामबरन और दिनेश भी घायल होकर पहुंचे हैं। रामू ने अपनी राइफल से खुद पैर में गोली मारी है। दिनेश ने खुद अपना सिर फोड़ा है।
खूनी संघर्ष में एक की हत्या और पांच लोगों पर जानलेवा हमले के बाद से गोकुलपुरा में तनाव है। दोनों पक्ष आमने-सामने रहते हैं। एसपी धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि किसी अनहोनी की आशंका के चलते गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
न्यूज़ एजेंसी/ मुकेश तोमर
Discover more from सत्यबोध इंडिया न्यूज़
Subscribe to get the latest posts sent to your email.